सरायकेला। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौका थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार पदो सरदार और गंगाधर सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया है। दोनों को गुप्त सूचना के आधार पर उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर पकड़ा गया।
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार की मौजूदगी में मंगलवार को चौका थाना में गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। चौका थाना कांड संख्या 66/2024 में पदो सरदार उर्फ पदो भूमिज उर्फ लंगड़ा दो साल से फरार था। मामले में सात लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें छह पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पदो को 18 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ चौका थाना में 58/2014, 24/2015, 42/2024 और 66/2024 तथा खरसावां थाना में 51/2012 के मामले दर्ज हैं।
वहीं, अड़की थाना कांड संख्या 44/2023 में करीब तीन साल से फरार गंगाधर सिंह मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ धारा 394 भादवि और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे अड़की थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस पदाधिकारी प्रकाश कुमार, अरुण कुमार, शिवशंकर सिंह, दिलीप कुमार, अंजेश कुमार राय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






