अमलगम स्टील का ‘प्रोजेक्ट आरोग्यम’ शुरू, अब गांव-गांव पहुंचेगी मुफ्त चिकित्सा सेवा

3 Min Read

के दुर्गा राव

कांड्रा : ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने की दिशा में अमलगम स्टील ने बड़ी पहल की है। कंपनी के सीएसआर विभाग ने ‘प्रोजेक्ट आरोग्यम’ की शुरुआत कर ग्रामीण एवं वंचित परिवारों तक निःशुल्क चिकित्सा सेवा पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। चलंत चिकित्सा इकाई के जरिए अब गांव और बस्तियों में नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कांड्रा पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलन, फीता काटने और चलंत चिकित्सा इकाई को हरी झंडी दिखाकर परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद आयोजित स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

घर के करीब मिलेगा इलाज, गंभीर मरीजों को बेहतर केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था
‘प्रोजेक्ट आरोग्यम’ के तहत ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा वितरण के साथ मौसमी एवं मच्छरजनित बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूक किया जाएगा। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों तक भेजने की व्यवस्था भी परियोजना का हिस्सा होगी।

यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य शिविर तक सीमित नहीं रहेगा। चरणबद्ध तरीके से कांड्रा, बुरुडीह, रापचा और दुमरा पंचायतों के 16 वार्डों के विभिन्न गांवों एवं बस्तियों तक चलंत चिकित्सा सेवा पहुंचाई जाएगी। इससे उन ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूर स्थित अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की पहल
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सुधीर चंद्र महतो, शंकरी सिंह, मनोज कुमार महतो और बिनय कुमार महतो मौजूद रहे। अमलगम स्टील की ओर से अंशुमान बंद्योपाध्याय, असीत कुमार डाहरी, विवेक पांडेय, बसंत कुमार, आशीष रंजन, स्वागत साहू और तेजपाल सिंह समेत कंपनी के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। ‘प्रोजेक्ट आरोग्यम’ के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सा परामर्श मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।

अमलगम स्टील की यह पहल ग्रामीण स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब इलाज के लिए ग्रामीणों को अस्पताल तक पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि चिकित्सा सेवा ही चलंत इकाई के माध्यम से गांवों तक पहुंचेगी।

Share This Article