सावन के दूसरे सोमवार पर एग्रिको में सजेगा भक्ति महोत्सव, दीपक लख्खा और स्नेहा सिंह की भजन संध्या बनेगी आकर्षण

2 Min Read

K Durga Rao

जमशेदपुर: सावन के दूसरे सोमवार पर शिवभक्तों के लिए एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से 10 अगस्त को भव्य भजन संध्या और 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संघ के अरविन्द कुमार और पंकज कुमार ने बताया कि यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष किया जा रहा है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाली भजन संध्या में चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा और भोजपुर (बिहार) की सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए 8 फीट ऊंचे बर्फ से निर्मित शिवलिंग की विशेष आकृति भी स्थापित की जाएगी। समिति ने बताया कि वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। श्रद्धालु ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बैठने की व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे।

संघ के सदस्य अरविन्द कुमार ने कहा कि सावन भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पवित्र महीना है और इसी भावना से हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है। उनका उद्देश्य धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेने और महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

प्रेस वार्ता में बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, मंजीत, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article