Mohit Kumar
दुमका : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संथाल परगना का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरे के क्रम में उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ थीं। वे पत्नी के साथ दुमका के बासुकीनाथ धाम पहुंचे और विधि विधान से फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ में पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री के पंडा पुरोहितों ने षोडशोपचार विधि से कामना ज्योतिर्लिंग एवं मैया पार्वती के गर्भ गृह में दर्शन पूजन कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समस्त झारखंड वासियों के जनकल्याण के लिए भोलेनाथ की आरती भी की। मुख्यमंत्री के बासुकीनाथ मंदिर पहुंचने पर प्रशासन की ओर से विधि व्यवस्था चुस्त दुरुस्त कर दी गई थी। पूजा के समय मंदिर को पूरी तरह श्रद्धालुओं से खाली कर दिया गया था। पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने वन विभाग के विश्रामगृह में कुछ देर विश्राम किया और सरडीहा स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रांची की ओर रवाना हो गए।