जमशेदपुर : शहर में महिलाओं की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बीते दो दिनों में मानगो, गोलमुरी और आजादनगर थाना क्षेत्रों में छेड़खानी की तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को चिंतित कर दिया है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की है कि आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़खानी की। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मानगो थाना क्षेत्र की घटना
15 अगस्त की शाम करीब 7 बजे मानगो इलाके में महिला के घर में जबरन घुसे आरोपियों यशवंत ठाकुर, विनय ठाकुर, प्रतीमा ठाकुर देवी, सुषमा देवी और एक अन्य ने पहले गाली-गलौज किया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट और छेड़खानी की गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में मामला दर्ज कराया।
गोलमुरी की घटना
16 अगस्त की दोपहर 2 बजे गोलमुरी के गुरुनानक टावर में भी महिला के साथ बदसलूकी हुई। शिकायत के अनुसार आरोपी परमजीत सिंह उर्फ टीटू सिंह उर्फ सपिंदर सिंह, उसका बेटा और अन्य चार लोग घर में घुस आए। सभी ने महिला के साथ अभद्रता और छेड़खानी की। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है।
आजादनगर की घटना
इसी दिन दोपहर करीब 2 बजे आजादनगर के पुरुलिया रोड में भी छेड़खानी की घटना सामने आई। आरोपियों अनीस खान, आरीफ खान और नसरीन पर घर में घुसकर महिला से मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप है।
पुलिस की कार्रवाई
तीनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारियों का कहना है कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की संलिप्तता साबित होते ही गिरफ्तारी की जाएगी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासी पुलिस से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






