सरायकेला-खरसावां में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, माओवादियों का हथियार डंप बरामद

2 Min Read
  • रायफल, इंसास, एसएलआर, पिस्टल, 297 गोलियां और आईईडी जब्त; तीन हार्डकोर माओवादी पुलिस रिमांड पर

सरायकेला। झारखंड पुलिस, 209 कोबरा और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में सरायकेला-खरसावां जिले में भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कांड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 के मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन हार्डकोर माओवादियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दलमा और सिकरम्बा जंगल से हथियारों एवं गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के अनुसार रिमांड पर लिए गए माओवादियों में सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर (28), निवासी नीमडीह, बंगाल-झारखंड-ओडिशा सीमांत कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो (54), निवासी झारग्राम, पश्चिम बंगाल और सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (26), निवासी पुरुलिया शामिल हैं।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल तथा चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी के समीप दलमा जंगल में छापेमारी की गई। यहां से दो .303 रायफल, एक इंसास रायफल, एक एसएलआर, दो देशी पिस्टल, विभिन्न प्रकार की 297 जिंदा गोलियां, मैगजीन, चार्जर और एक आईईडी बरामद किया गया। बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

अभियान में एसपी मनोज स्वर्गीयारी के अलावा सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार, 26वीं वाहिनी एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह और 209 कोबरा के सहायक समादेष्टा विपुल राज के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस एवं सुरक्षा बल शामिल रहे।

पुलिस के मुताबिक बरामद हथियारों और विस्फोटक का इस्तेमाल माओवादी संगठन सुरक्षा बलों एवं आम नागरिकों को निशाना बनाने के लिए कर सकता था। हथियारों की बरामदगी को जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Share This Article