K. Durga Rao
कांड्रा : पश्चिम बंगाल सुंदरवन के रहने वाले सौरभ दास वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए भारत यात्रा पर निकल पड़े हैं। पूरे भारत की यह यात्रा सौरभ साइकिल से पूरा करेंगे। इसी क्रम में वे आज पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर पहुंचे जहां मीडिया से हुई वार्ता में उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण उनका उद्देश्य है और लोगों को जागरुक करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक राज्य की यात्रा इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वन एवं पर्यावरण का संरक्षण सबसे जरूरी कार्य है। पेड़ पौधे की कटाई और जंगल में आग लगने से जंगल नष्ट हो रहे हैं। ऐसे में हमें जंगल का संरक्षण करना है। पेड़ नहीं होने पर जलवायु पर भारी प्रभाव पड़ना, समय पर बारिश नहीं होना, ये पेड़ काटने के लक्षण हैं। कहा कि पानी का लेयर नीचे चला गया, जिसको बचाना जरुरी है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का भी उपयोग पर्यावरण के लिए खतरा साबित हो सकता है।
इसलिए हमें चाहिए की प्लास्टिक का उपयोग न करें, क्योंकि प्लास्टिक से न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान होता है बल्कि मानव समाज के स्वास्थ्य पर भी इसका असर प्रभाव पड़ता है और प्लास्टिक से कई सारी बीमारियां होती हैं, इसलिए प्लास्टिक को हमें छोड़ना होगा। सौरभ ने कहा कि मैं जहां से भी गुजर रहा हूं, रोड पर या फिर स्कूलों की दीवारों पर अच्छे-अच्छे स्लोगन लिखे होते हैं। कहा कि हमको और आपको स्लोगन में जो लिखा है, उसपर अमल करने की जरूरत है। सौरभ की यात्रा बंगाल से शुरू हुई है और बंगाल के कई जिलों से होते हुए वे आज जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई बच्चों को भी जागरूक करने का प्रयास किया और इसी तरह से जागरूक करते हुए वह पूरे देश का भ्रमण करेंगे।