Jamshedpur : परसुडीह में व्यापारी से मारपीट और लूट

3 Min Read
  • पुलिस की सुस्ती पर सवाल, व्यापारियों में उबाल
  • व्यापारी बोले: “अब सुरक्षित कौन है?”

जमशेदपुर :  मंगलवार रात परसुडीह के हलुदबनी इलाके में महाकाल ट्रेडर्स के मालिक और चावल व्यवसायी अमित सिंह के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है।
बाइक सवार युवकों से मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें अमित सिंह को शारीरिक नुकसान के साथ-साथ लाखों की संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा।

“तेरे पास बहुत पैसा है? सब शांत कर देंगे!” – धमकी देकर किया हमला

पीड़ित अमित सिंह के अनुसार, वह अपनी कार से घर लौट रहे थे जब रास्ते में कुछ युवक बाइक लगाकर खड़े थे। बाइक हटाने की बात कहने पर युवकों ने पहले गाली-गलौज की, फिर बनिया बस्ती निवासी अरमान नामक युवक मौके पर पहुंचा और बोला:

“कार में घूम रहा है, ज्यादा पैसा आ गया है? दो मिनट में सब शांत कर देंगे।”

अरमान ने अपने साथियों को बुलाया जिनमें श्रवण समेत 5-6 युवक थे। इन लोगों ने अमित सिंह पर हमला किया, और मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन, अंगूठी और 530 ग्राम चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया।

FIR तो दर्ज हो गई, लेकिन पुलिस आई डेढ़ घंटे बाद

घटना की शिकायत रात 8:30 बजे परसुडीह थाना में दी गई, लेकिन पुलिस करीब 1.5 घंटे बाद पहुंची। मौके पर आए एसआई अरविंद कुमार ने फोर्स की कमी का हवाला देकर तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया।
पीड़ित का तंज – 

“जब प्रशासन ही डरेगा, तो आम जनता क्या उम्मीद करे?”

व्यापारी समुदाय में आक्रोश – “कानून व्यवस्था नाम की चीज़ बची ही नहीं”

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने भी कहा कि –

“अगर एक व्यापारी के साथ इस तरह खुलेआम लूट और मारपीट हो सकती है, और पुलिस सिर्फ मूकदर्शक बनी रहे – तो आम जनता कैसे सुरक्षित महसूस करे?”

पुलिस का दावा – “जांच जारी है, आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार”

परसुडीह थाना पुलिस ने बताया कि –

“मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”

हालांकि, पुलिस की देरी और लापरवाही पर उठ रहे सवाल फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

Share This Article