नई निसान टेक्टॉन का वर्ल्ड प्रीमियर, प्रीमियम फीचर्स और टर्बो इंजन के साथ भारतीय बाजार में होगी लॉन्च

3 Min Read

रांची। निसान मोटर इंडिया ने अपनी नई प्रीमियम सी-एसयूवी ‘निसान टेक्टॉन’ का वर्ल्ड प्रीमियर किया है। कंपनी ने इसे अपनी ‘इंडिया रीसर्जेंस स्ट्रेटजी’ का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि यह एसयूवी भारत के साथ-साथ वैश्विक बाजारों को ध्यान में रखकर विकसित की गई है। चेन्नई स्थित निसान संयंत्र में इसका उत्पादन होगा और यहीं से इसे विभिन्न देशों में निर्यात भी किया जाएगा।
निसान की 75 वर्षों पुरानी एसयूवी विरासत से प्रेरित टेक्टॉन का डिजाइन प्रतिष्ठित निसान पेट्रोल से प्रभावित है। कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी दमदार स्टाइल, आधुनिक तकनीक, बेहतर परफॉर्मेंस और प्रीमियम अनुभव का नया मानक स्थापित करेगी।

दमदार इंजन और आधुनिक तकनीक

टेक्टॉन में 100 प्रतिशत टर्बोचार्ज्ड इंजन लाइनअप दिया गया है। इसमें टर्बो टी-160 और टर्बो टी-280 इंजन विकल्प उपलब्ध होंगे। टी-280 इंजन 163 पीएस की शक्ति और 280 एनएम टॉर्क उत्पन्न करता है तथा इसे 6-स्पीड वेट क्लच डीसीटी ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है।
एसयूवी में 700 लीटर का बड़ा बूट स्पेस, 212 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस, 10.1 इंच का टेक-लिंक एचडी इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का डिजिटल कॉकपिट दिया गया है। इसके अलावा गूगल बिल्ट-इन, गूगल मैप्स, गूगल असिस्टेंट, गूगल प्ले और 55 से अधिक कनेक्टेड कार फीचर्स भी शामिल हैं। माइलेज के मामले में टी-160 इंजन 19.4 किमी प्रति लीटर और टी-280 इंजन 18.5 किमी प्रति लीटर तक का प्रदर्शन देने का दावा किया गया है।

भारत बनेगा वैश्विक उत्पादन केंद्र

निसान के चीफ परफॉर्मेंस ऑफिसर गुइलॉम कार्टियर ने कहा कि भारत में टेक्टॉन का वर्ल्ड प्रीमियर करना कंपनी की वैश्विक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत विश्वस्तरीय उत्पाद स्थानीय ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं।
एएमआईईओ क्षेत्र के चेयरपर्सन मैसिमिलानो मेसिना ने कहा कि भारत निसान के लिए तेजी से एक महत्वपूर्ण उत्पादन और निर्यात केंद्र के रूप में उभर रहा है तथा टेक्टॉन कंपनी की ‘वन कार, वन वर्ल्ड’ रणनीति को मजबूती प्रदान करेगी।

कीमत और बाजार रणनीति

निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने कहा कि टेक्टॉन कंपनी के नए दौर की पहचान बनेगी, जिसमें आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम सुविधाएं, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और रोजमर्रा की उपयोगिता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलेगा।
कंपनी ने टेक्टॉन टी-160 मैनुअल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये तय की है, जबकि टी-280 मैनुअल और टी-280 डीसीटी वेरिएंट की शुरुआती कीमत 14.99 लाख रुपये रखी गई है। निसान को उम्मीद है कि नई टेक्टॉन प्रीमियम सी-एसयूवी सेगमेंट में कंपनी की उपस्थिति को मजबूत करेगी और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share This Article