- राज्य के नवनिर्माण के लिए नवीन सोच और ऊर्जा की आवश्यकता
- राज्य सरकार ने सबसे अधिक युवाओं को छला है
- पूर्व विधायक शिवा महतो के पुत्र झारखंड आंदोलनकारी कार्तिक महतो ने थामा आजसू का दामन
- युवा संवाद कार्यक्रम नावाडीह में आयोजित, सुदेश महतो हुए शामिल
K. Durga Rao
रांची : राजनीति का मौजूदा ट्रेंड बदलने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। युवा शब्द का दायरा बड़ा है। इसमें विभिन्न समूह शामिल हैं और अलग-अलग क्षेत्र में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। राजनीति में अगर युवा थोड़ी दखल बढ़ा दें तो बहुत सी चीजें बदल सकती है। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने नावाडीह स्थित देवी महतो इंटर कॉलेज के सामने आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कही। इस दौरान डुमरी के पूर्व विधायक स्व. शिवा महतो के सुपुत्र झारखंड आंदोलनकारी कार्तिक महतो, वकील महतो, विशाल अग्रवाल, रंजीत अग्रवाल, राजेन्द्र राम समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
लोकसभा चुनाव के कुछ महीनों बाद राज्य में विधानसभा के चुनाव होने हैं। नए जनादेश की जिम्मेदारी आप सभी युवाओं पर है। राज्य के नवनिर्माण के लिए नवीन सोच और ऊर्जा की आवश्यकता है। राज्य जिस अराजकता के माहौल से गुजर रहा है, उसमें लोगों की चेतना को जगाने और हक अधिकार के लिए मुखर बनाने की जरूरत है। युवाओं में राज्य की तकदीर बदलने और इसे संवारने की क्षमता है। उनकी दक्षता को तराशने का सशक्त मंच और राज्य के हर युवा की बुलंद आवाज बनेगा युवा आजसू। कहा कि राज्य सरकार ने साढ़े चार साल के अपने कार्यकाल में सबसे अधिक युवाओं को छलने का काम किया है। आज युवा अपने नियोजन के लिए परेशान हैं। सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाए हैं। हर साल 5 लाख नौकरी देने का वादा कर सत्ता में आए लोग आज अपना वादा भूल कर बस वोट की राजनीति करने में व्यस्त हैं। यह वर्ष राज्य और राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
पूर्व विधायक शिवा महतो के पुत्र कार्तिक महतो का पार्टी में स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि समाज के हर वर्ग का विश्वास हमारी पार्टी की ओर निरंतर बढ़ रहा है। यह विश्वास हमें और बेहतर तरीके से कार्य करने तथा जनता की सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है। झारखंड अलग राज्य आंदोलन में अपना योगदान देने के साथ ही मजदूरों के हक अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले कार्तिक जी के सामाजिक और राजनीतिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा। इन्हें आजसू डुमरी समेत राज्यवासियों की सेवा के लिए मजबूत प्लेटफार्म देगा।
पार्टी में शामिल हुए कार्तिक महतो ने कहा कि आजसू पार्टी ने झारखंड आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पार्टी के नीति सिद्धांतो और सुदेश महतो द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा राज्य के विकास के प्रति उनके विजन एवं विचारों से प्रभावित होकर आजसू पार्टी में शामिल हो रहा हूं। पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करूंगा। लोकसभा चुनाव में गिरिडीह की जनता अपना प्यार और आशीर्वाद एनडीए को भारी मतों से जीताकर देगी।