पटमदा : पटमदा प्रखंड मुख्यालय स्थित लावा पंचायत मंडप जलमग्न होने से पंचायत का कामकाज पिछले दो दिनों से पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इसकी जानकारी सोमवार को अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास से शिकायत निवारण दिवस के मौके पर की गई। लेकिन मंगलवार तक समस्या का समाधान नहीं होने से मंडप के अंदर घुसना भी बंद हो गया है। लावा के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर में पानी भरने से कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया है और इसकी लिखित शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र के लोग भी परेशान हैं। करीब ढाई फीट पानी पंचायत मंडप परिसर में जमा हो गया है। इसका मुख्य कारण लगातार हो रही बारिश का पानी निकासी नहीं हो पाना है। बताते हैं कि पहले जो निकासी की व्यवस्था थी उसमें गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है जिसके कारण यह स्थिति पैदा हुई है। ग्राम प्रधान सह पंचायत समिति सदस्य बृंदावन दास ने बताया कि सोमवार को प्रखंड कार्यालय में आयोजित शिविर में पानी निकासी करवाने हेतु एक ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि पानी की निकासी नहीं होने पर दूषित पानी से बीमारी फैलने की संभावना है।





