Adityapur : सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ प्रशासन: टोल ब्रिज रोड पर चला विशेष जांच अभियान

2 Min Read

आदित्यपुर  : सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला परिवहन विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो की उपस्थिति में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर टोल ब्रिज रोड पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता व जांच अभियान चलाया गया।

ऑटो व दोपहिया चालकों की जांच, कागजातों की समीक्षा

अभियान के दौरान दोपहिया और तिपहिया (ऑटो) चालकों के कागजातों की सघन जांच की गई। इसमें विशेष रूप से: ड्राइविंग लाइसेंस (अनुज्ञप्ति), वाहन निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट दस्तावेज की बारीकी से समीक्षा की गई। जिन चालकों के पास ये दस्तावेज मौजूद नहीं थे, उन्हें चेतावनी दी गई और जल्द से जल्द दस्तावेज अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया।

ड्रेस कोड और नियमों का पालन जरूरी

जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने साफ तौर पर सभी चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और निबंधन पुस्तिका हमेशा साथ रखने का निर्देश दिया।

साथ ही उन्होंने कहा कि – वाहन का परिचालन केवल वैध परमिट मिलने के बाद ही किया जाए। निर्धारित ड्रेस कोड (वर्दी) में ही सवारी वाहन चलाएं। सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।

क्षमता से अधिक सवारी बैठाना अपराध

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तिपहिया वाहनों में निर्धारित से अधिक सवारी बैठाना मोटरयान अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। इससे ना सिर्फ कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि यात्रियों की जान को भी खतरा होता है।

अभियान का उद्देश्य: आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना

जिला परिवहन कार्यालय ने बताया कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता लाई जा सके और यातायात नियमों का पालन सख्ती से हो सके।

Share This Article