जमशेदपुर : गुरुवार सुबह जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 30 वर्षीय चेतन जायसवाल का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। चेतन अपने बहनों के साथ इसी इलाके में रहता था और अविवाहित था।
दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को हुआ शक
सुबह काफी देर तक चेतन के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी। दरवाजा बंद होने और कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी ।जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर देखा तो चेतन ने दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली थी।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
शांत स्वभाव का था चेतन
परिवार के अनुसार, चेतन एक शांत और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह अपने काम से काम रखता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बहनें बार-बार चेतन को याद कर फूट-फूट कर रो रही हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अफवाह न फैलाने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी।






