जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी में रविवार को आयोजित स्वागत सह पदभार ग्रहण समारोह में परविंदर सिंह ने आधिकारिक रूप से जिला अध्यक्ष का पदभार संभाला। तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुए इस आयोजन की अध्यक्षता निवर्तमान जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने की।
समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद और ब्रजेंद्र तिवारी ने किया। आनंद बिहारी दुबे ने अंगवस्त्र और बुके भेंट कर परविंदर सिंह का स्वागत किया और पदभार रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर उन्हें औपचारिक रूप से जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा। इस मौके पर दुबे ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सहयोग के लिए आभार जताया।
पूर्व सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने राहुल गांधी के “संविधान बचाओ अभियान” और “हमारे वोटों की चोरी रोकें” हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ नेताओं ने परविंदर सिंह को एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस में उनकी ईमानदार सेवाओं के लिए सराहा और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लिया जाएगा और कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रखंड और मंडल स्तर पर कांग्रेस को सशक्त करने के लिए प्रशिक्षण और अभियान चलाए जाएंगे।
समारोह में संजीव श्रीवास्तव, रियाजुद्दीन खान, राजकिशोर यादव, शशि कुमार सिन्हा, देविका सिंह, नूरजहां खान वारसी समेत कई नेताओं ने परविंदर सिंह को जुझारू कार्यकर्ता बताते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम में अवधेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, रजनीश सिंह, अमित श्रीवास्तव, राजीव मिश्र, डॉ. परितोष सिंह, शिबु सिंह, चिन्ना राव, विश्वजीत जेना, मोहम्मद आविद, संजय तिवारी, मनोज झा, प्रभात ठाकुर समेत सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए।





