जुगसलाई और सोनारी चोरी कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, सोनार सहित चार अभियुक्त गिरफ्तार

3 Min Read

जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने जुगसलाई और सोनारी थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए सोनार सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों मामलों की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस को दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पहली चोरी की घटना 12 नवंबर को सोनारी थाना अंतर्गत आदर्श नगर फेज–4 निवासी सीताराम चौधरी के बंद घर में हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने कीमती जेवरातों की चोरी की थी। दूसरी घटना 6 दिसंबर को जुगसलाई थाना क्षेत्र के डिकोस्टा रोड स्थित मैडोना फ्लैट में घटी, जहां फ्लैट निवासी सीए नवीन गोयल के बंद घर से नगद राशि और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। घटना के समय प्रवीण गोयल उसी फ्लैट के निचले तल्ले में पूरे परिवार के साथ मौजूद थे और दिन के समय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के क्रम में क्षेत्र के लगभग 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग की गई, साथ ही मानवीय सूत्रों की भी मदद ली गई। जांच के दौरान सोनारी निवासी मुख्य अभियुक्त शिवा महानंद की संलिप्तता सामने आई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि उसके साथ विजय प्रसाद भी चोरी की घटनाओं में शामिल था।

पूछताछ में शिवा महानंद ने यह भी खुलासा किया कि चोरी किए गए जेवरातों की बिक्री में प्रदीप सागर नामक युवक ने सहयोग किया था, जबकि सोनारी नया लाइन बाजार स्थित देवचंद ज्वेलर्स के राहुल वर्मा ने चोरी के सभी जेवरात खरीदे थे। पुलिस ने दोनों घटनाओं में चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख से 40 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

अभियुक्त शिवा महानंद ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसकी शादी हुई थी और उसके बाद उसकी मां का निधन हो गया, जिसके कारण वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी वजह से उसने बंद घरों की रेकी कर अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने आम नागरिकों और विशेष रूप से सोनार दुकानों के संचालकों को चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार के जेवरात को खरीदने या अपने पास रखने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल कर लें। अन्यथा चोरी के जेवरात रखने या खरीदने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति पर भी चोरी के अभियुक्तों के समान ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने चारों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share This Article