जमशेदपुर :नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में ‘एक्सप्लोर XII 2025’ का भव्य समापन l
जमशेदपुर। भारत की समृद्ध कला परंपरा को समर्पित तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर XII 2025’ का पोखारी स्थित नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में तीसरे और अंतिम दिन भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रुप डांस, क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले भी संपन्न हुए।
महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न बैंड्स ने ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ में शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंतिम दिन की शुरुआत फ्लैश मॉब के जोशीले प्रदर्शन से हुई। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। माननीय अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के पश्चात छात्राओं ने गणेश वंदना पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि ने कहा कि एक्सप्लोर XII 2025 विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करता है, जिससे उनमें सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का विकास होता है। वहीं कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने इसे जमशेदपुर के लिए एक बड़ा सांस्कृतिक और मनोरंजन उत्सव बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में करियर लॉन्चर (कैम्पस कनेक्ट स्पॉन्सर), आर्डेंट कंप्यूटेक प्राइवेट लिमिटेड एवं डाटामेज़ सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (टेक स्पॉन्सर), वेंचरिंग डिजिटली (आईटी सपोर्ट पार्टनर), पिज़्ज़ा हट (हंगर पार्टनर) तथा ऑगमिनटेक एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड (एजुकेशन पार्टनर) का विशेष सहयोग रहा।
महोत्सव में शहर के विभिन्न संस्थानों से 6000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। ऑवरऑल विजेता आरवीएस कॉलेज, जमशेदपुर रहा, जबकि उपविजेता नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय बना। बैटल ऑफ बैंड्स में ऐश बॉर्न ने जीत दर्ज की। क्रिकेट में एपीजे अब्दुल कलाम हाई स्कूल विजेता रहा। इसके अलावा 30 से अधिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विजेता सम्मान समारोह और डीजे नाइट के साथ हुआ।





