समाचार :
भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का 29 दिसंबर को जमशेदपुर एवं आदित्यपुर आगमन प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड सरकार के सचिव (वाणिज्य कर विभाग) श्री अमिताभ कौशल एवं जोनल आईजी श्री मनोज कौशिक ने परिसदन, जमशेदपुर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नितीश सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम श्री पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला-खरसावां श्री मुकेश लुणायत सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग की मैपिंग, यातायात प्रबंधन, मार्ग से निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा बलों की ब्रिफिंग, रिहर्सल, पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित करने तथा प्रोटोकॉल के अनुपालन से संबंधित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवधानरहित संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत सचिव एवं जोनल आईजी द्वारा करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर तथा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को ससमय एवं अचूक रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण एसपी श्री ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, डीडीसी श्री नागेन्द्र पासवान, एडीसी श्री भगीरथ प्रसाद, नगर आयुक्त आदित्यपुर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी तथा सरायकेला-खरसावां जिले के संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।





