नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल का 30वां वार्षिक संयुक्त खेल महोत्सव भव्य रूप से संपन्न

Raj Sharma
4 Min Read

जमशेदपुर: नेताजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अंतर्गत संचालित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की दस शाखाओं का 30वां वार्षिक संयुक्त खेल महोत्सव मंगलवार, 24 दिसंबर 2025 को टेल्को स्थित सुमंत मूलगाओंकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस खेल महोत्सव में नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल बारीडीह, पोखारी, हल्दीपोखर, बिरसानगर, गोविंदपुर, कदमा, कीताडीह, राखामाईंस, परसुडीह तथा मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

मुख्य अतिथि ने गुब्बारे उड़ाकर किया खेल महोत्सव का उद्घाटन

खेल महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, नेताजी ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर किया।

इस अवसर पर मदन मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद जीवन का अभिन्न अंग है और संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी समान ध्यान दें।

खेल मानसिक थकान दूर कर रचनात्मकता बढ़ाते हैं: एसएसपी पीयूष पांडेय

मुख्य अतिथि पीयूष पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियां न केवल मानसिक तनाव को दूर करती हैं बल्कि बच्चों की रचनात्मकता और अनुशासन को भी विकसित करती हैं।

प्रबंधन और विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशक श्रीमती विभा सिंह एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने भी उपस्थित होकर प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

परेड, ड्रिल और खेल प्रतिस्पर्धाओं ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत सभी शाखाओं के विद्यार्थियों द्वारा भव्य परेड से हुई, जिसमें अनुशासन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने संयुक्त ड्रिल प्रस्तुत कर शारीरिक गतिविधियों के महत्व का संदेश दिया। इसके पश्चात विभिन्न आयु वर्गों में अनेक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

खेल महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे और पूरे दिन विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

खेल आयोजनों से विकसित होते हैं जीवन कौशल: तनवीर आलम

इस अवसर पर एनएसयू के डिप्टी रजिस्ट्रार एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी तनवीर आलम ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना, रणनीति निर्माण, समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल विकसित करते हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित विश्वविद्यालय के 12वें वार्षिक कला महोत्सव ‘एक्सप्लोर 2025’ की सफलता का भी उल्लेख किया।

मिट्टी पर खेलना बच्चों को बनाता है अधिक सक्ष

कार्यक्रम को एनएसयू की मुख्य वित्त अधिकारी एवं एनएसपीएस पोखारी की प्रधानाचार्या वाई ज्योति, एनएसपीएस राखामाईंस की प्रधानाचार्या वाई मांगा लक्ष्मी एवं एनएसपीएस हल्दीपोखर के प्रधानाचार्य अवधेश शर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों को वास्तविक मैदानों में खेल के लिए प्रेरित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन

खेल महोत्सव का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।

ओवरऑल रनर-अप का खिताब एनएसपीएस हल्दीपोखर ब्रांच को मिला।

ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर ने अपने नाम किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन प्रभारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पत्रकारों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी है I

Share This Article