टेल्को में चोरों का बड़ा वार, 30 लाख के जेवरात और 50 हजार नकद पर हाथ साफ

2 Min Read

परिवार के बाहर जाते ही कुछ ही घंटों में वारदात, इलाके में दहशत

जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत घड़ी पार्क के सामने रोड नंबर–31, क्वार्टर नंबर K3/123 में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर से करीब 30 लाख रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर लिया।

परिजनों के अनुसार, परिवार बीती शाम भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ था। घर के बंद होते ही कुछ ही घंटों के भीतर चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। सुबह काम पर पहुंची घरेलू सहायिका (मैड) ने घर का हाल देखकर तुरंत परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने प्रशासन से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच जारी है।

परिवार के सदस्यों देवेंद्र सिंह, भानु प्रताप सिंह और अनामिका सिंह ने आशंका जताई कि चोरों को घर खाली होने की सटीक जानकारी पहले से थी। उनका कहना है कि चोरों ने केवल सोने और हीरे के आभूषण ही चोरी किए, जबकि चांदी के गहनों को हाथ नहीं लगाया, जिससे वारदात के पूरी तरह योजनाबद्ध होने की आशंका और गहराती है।

परिजनों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में चोरों के हौसले बुलंद हैं और लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं चोरी की घटना सामने आ रही है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व गोविंदपुर इलाके में भी चोरी की घटना हुई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Share This Article