ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय पर हमला मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर:
मानगो परमानंद नगर निवासी विशाल गोप, जो ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं, के साथ छिनतई और जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब विशाल ऑर्डर की डिलीवरी कर हयात नगर होते हुए ब्लिंकिट स्टोर लौट रहे थे

रास्ते में चार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर मोबाइल फोन और नकदी छीनने की कोशिश की। जब विशाल गोप ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने चापड़ से उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए विशाल अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद अपराधियों ने मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना में शामिल एक युवक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है। विशाल गोप के परिजनों एवं उनके साथ काम करने वाले साथियों ने मामले की जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह और उलीडीह थाना को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना में मौजूद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल बरामद की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जबकि अन्य तीन आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए।

थाने पहुंचे विकास सिंह को विशाल गोप ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रोज़ की तरह वह डिलीवरी के बाद स्टोर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया।

विकास सिंह ने बताया कि इस घटना के बाद विशाल (ब्लिंकिट डिलीवरी )का पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Share This Article