झारखण्ड की वीर भूमि पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत

Raj Sharma
2 Min Read

रांची:देश की माननीय राष्ट्रपति आदरणीय द्रौपदी मुर्मु के झारखण्ड आगमन पर पूरे प्रदेश में उत्साह, गौरव और हर्ष का वातावरण देखने को मिला। राष्ट्रपति के स्वागत में झारखण्ड की जनता ने पारंपरिक श्रद्धा भाव के साथ हार्दिक अभिनंदन, स्वागत एवं जोहार किया। उनके आगमन से झारखण्ड की वीर भूमि स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है।

राष्ट्रपति के स्वागत में राज्य के विभिन्न स्थानों पर झारखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। पारंपरिक नृत्य, लोक वाद्य, आदिवासी वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथि सत्कार किया गया, जिसने पूरे वातावरण को उल्लासपूर्ण एवं भावनात्मक बना दिया।

इस गरिमामय अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संयुक्त रूप से माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया तथा उनके झारखण्ड आगमन पर शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। दोनों ने राष्ट्रपति के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रकट किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपति  का झारखण्ड से विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है और उनका आगमन राज्य के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। वहीं राज्यपाल श्री संतोष गंगवार ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा झारखण्ड के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं व्यवस्थित नजर आया। आम नागरिकों में भी राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

माननीय राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा न केवल संवैधानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह झारखण्ड की पहचान, संस्कृति और आत्मसम्मान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करता है।

Share This Article