सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर सनसनीखेज घटना सामने आई है। आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन की ओर जाने वाली रेल लाइन पर पोल संख्या 258/22–24 के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेल पटरी के पास शव देखा, जिसके बाद तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में इस मामले को रेल दुर्घटना अथवा आपराधिक घटना—दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड पर दो युवकों और एक युवती के शव बरामद किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शवों का मिलना सामान्य संयोग नहीं हो सकता और इसके पीछे किसी संगठित गतिविधि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।





