अभिलेख संधारण व कार्यप्रणाली में कमिया 15 दिनों में सुधार का निर्देश

Raj Sharma
2 Min Read

सरायकेला–खरसावाँ,

उप विकास आयुक्त सरायकेला–खरसावाँ सुश्री रीना हांसदा ने सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने कार्यालय में संधारित पंजी एवं संचिकाओं की स्थिति, कार्यों के आवंटन की व्यवस्था, कार्यालय की साफ-सफाई तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्य निष्पादन प्रक्रिया एवं आंतरिक कार्यालय व्यवस्था में कई कमियों को चिन्हित किया गया।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी पंजी एवं संचिकाओं को अद्यतन रखते हुए उनका सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय में पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच कार्यों का स्पष्ट, उत्तरदायित्व-आधारित विभाजन किया जाए, ताकि कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी ढंग से हो सके।

उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासित एवं जवाबदेह कार्यसंस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के उपरांत निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।

Share This Article