जे.पी. स्कूल में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य समापन, 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभोग

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर : मानगो संकोसाई स्थित जे.पी. स्कूल परिसर में आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आज विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक समापन किया गया। यह महायज्ञ विद्यालय, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। यज्ञ के समापन के पश्चात विशाल महाभोग का आयोजन किया गया, जिसमें 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

महायज्ञ का संचालन हरिद्वार से पधारी टोली द्वारा किया गया, जिनका नेतृत्व चौबे जी ने किया। वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान से संपन्न इस यज्ञ ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया।

महायज्ञ के उपरांत विद्यालय का स्थापना दिवस समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों को सम्मानित किया गया, वहीं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

संध्या समय 501 दीपों के साथ दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसने वातावरण को और भी भक्तिमय एवं आलोकित कर दिया।

इस पावन अवसर पर सरयू राय जी, सुधांशु ओझा, कृष्णा शर्मा काली, दशरथ चौबे, किसान महाराज, पूर्वी घोष, अविनाश सिंह राजा, विजय तिवारी, शिवप्रकाश शर्मा, दिलीप सिंह, पुष्कर वाला, उत्तम गुप्ता, राजकिशोर शर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रवीण सिंह, संतोष भगत, नीलकमल शेखर, पुष्पा टोपो, आर.के. घोष सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय की शिक्षिकाएं, अभिभावकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण जनता बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुई।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रगति कुमारी, तारन तिवारी एवं राज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share This Article