जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर में रोजगार मेला आयोजित, 188 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

Raj Sharma
3 Min Read

सरायकेला-खरसावाँ।

जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला-खरसावाँ के तत्वावधान में शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को जिला नियोजनालय परिसर में रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।

रोजगार मेले में रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, श्याम स्टील लिमिटेड, रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशन लिमिटेड, बीएन ट्रैक्टर्स, मित्तल मोटर्स, यूनिक सॉल्यूशन, संजीव रमन सिक्योरिटी, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन एवं प्रधान कंस्ट्रक्शन सहित कुल 15 प्रतिष्ठित संस्थानों ने भाग लिया। इन संस्थानों के अधिकारियों द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी श्री आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि रोजगार मेले के माध्यम से रोबोट इंजीनियर, टर्निंग ऑपरेटर, फिटर, एचएमसी/वीएमसी ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर, क्वालिटी इंजीनियर, सेल्समैन, टेलीकॉलर, ऑटोमोबाइल मैकेनिक, वेल्डर, सेफ्टी सुपरवाइजर, लाइन इंस्पेक्टर, बॉलिंग डिस्क/प्रेस फिल्टर ऑपरेटर, क्रेन ऑपरेटर, मोबिलाइजर, कोऑर्डिनेटर, ट्रेनी, स्टोर कीपर, सिक्योरिटी गार्ड एवं ड्राइवर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में सरायकेला-खरसावाँ एवं जमशेदपुर क्षेत्र में नियुक्ति हेतु कुल 188 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थानों द्वारा आगे की प्रक्रिया के लिए सूचित किया जाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर द्वारा नियमित रूप से रोजगार शिविर एवं रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है, ताकि जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने जिले के सभी रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों एवं भर्ती शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार मेला की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है।

रोजगार मेले में जिला नियोजन पदाधिकारी श्री आलोक कुमार तोपनो, वाईपी श्री रवि प्रकाश सिंह सहित जिला नियोजनालय के कर्मी श्री सुरेंद्र रजक, श्री सुजीत सरदार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न कंपनियों के एचआर मैनेजर एवं प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही

Share This Article