आरका जैन विश्वविद्यालय में सलमान अली के सुरों पर झूमा कैंपस

Raj Sharma
5 Min Read

जमशेदपुर:

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित आरका जैन विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक प्रबंधन एवं सांस्कृतिक महोत्सव “आगाज़ 2026” शनिवार को भव्य, रंगारंग और यादगार प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव का समापन इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायक सलमान अली की लाइव परफॉर्मेंस के साथ हुआ, जहां उनके सुरों पर पूरा विश्वविद्यालय परिसर झूम उठा।

सलमान अली ने मंच पर आते ही “जग घूमया तेरे जैसा न कोई…” गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। इसके बाद “मेरे रश्के कमर”, “सैयारा” समेत एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने तालियों और सुरों में सुर मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सलमान की प्रस्तुति ने “आगाज़ 2026” को यादगार बना दिया।

झारखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा को समर्पित रहा ‘आगाज़ 2026’

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष “आगाज़ 2026” को झारखंड राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा के उत्सव के रूप में मनाया गया, जिसमें युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका को केंद्र में रखा गया।

महोत्सव के मुख्य अतिथि एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के संयुक्त सचिव कुलदीप डागर, विशिष्ट अतिथि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केड़िया एवं आधुनिक पावर के सीईओ अरुण कुमार मिश्रा रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और विद्यार्थियों को प्रबंधन, नवाचार, उद्योग-उन्मुख सोच और नैतिक नेतृत्व का महत्व बताया।

पैन इंडिया से रिकॉर्ड सहभागिता

इस वर्ष “आगाज़ 2026” में पैन इंडिया से 3200 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए।
104 से अधिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की भागीदारी ने इसे एक राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

विद्यालय स्तर पर लिटिल फ्लावर स्कूल (टेल्को), शिक्षा निकेतन, चर्च स्कूल बेल्डीह, विवेक विद्यालय, आरकेएमएस सिदगोड़ा, अहसान इंटरनेशनल स्कूल सहित जमशेदपुर, धनबाद, चाईबासा आदि क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने भाग लिया।
उच्च शिक्षण संस्थानों में आईआईटी खड़गपुर, एनआईटी जमशेदपुर, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी, अल-कबीर इंस्टीट्यूट, KIIT समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने शिरकत की।

प्रबंधन से लेकर संस्कृति तक, हर मंच पर दिखी प्रतिभा

दो दिवसीय महोत्सव के दौरान—

  • बिजनेस सिमुलेशन,
  • एड-मैड शो,
  • स्टार्टअप एवं उद्यमिता चुनौती,
  • बेस्ट मैनेजर,
  • क्विज, केस स्टडी व पैनल डिस्कशन

जैसी प्रबंधन आधारित प्रतियोगिताओं के साथ-साथ संगीत, नृत्य, फैशन शो, फोटोग्राफी, डिजिटल क्रिएटिविटी, कहानी लेखन और ई-स्पोर्ट्स जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

विजेता घोषित

यूनिवर्सिटी कैटेगरी

  • 🏆 ओवरऑल विजेता : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी, झारखंड

स्कूल कैटेगरी

  • 🏆 ओवरऑल विजेता : लिटिल फ्लावर स्कूल, टेल्को

सबसे अधिक सहभागिता पुरस्कार

  • 🏅 एहसान पब्लिक स्कूल

“जो गाना दिल से परमात्मा से जोड़ता है, वही गाता हूं” : सलमान अली

कार्यक्रम से पूर्व बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में पत्रकारों से बातचीत में सलमान अली ने कहा कि उन्होंने अपने संगीत की शुरुआत माता रानी के जागरण से की। रात-रात भर भजन गाकर उन्हें रियाज़ और आध्यात्मिक जुड़ाव दोनों मिला। उन्होंने कहा,

“मैं आज भी वही गाता हूं, जो सीधे परमात्मा से कनेक्ट करता है।”

सलमान अली ने कहा कि इंडियन आइडल ही उनकी पहचान है और इससे उन्हें गर्व महसूस होता है। उन्होंने बताया कि उनका पहला बॉलीवुड गीत फिल्म ‘सुई धागा’ का “बढ़िया है सब बढ़िया है” था। इसके बाद ‘डंकी’, ‘दबंग 3’, ‘सैटेलाइट शंकर’ समेत कई फिल्मों में उन्होंने अपनी आवाज दी है।

युवा गायकों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा—

“जो भी गाएं, दिल से गाएं। मेहनत और रियाज़ का फल जरूर मिलता है।”

विश्वविद्यालय प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सह निदेशक डॉ. अमित श्रीवास्तव, प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) अंगद तिवारी, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस. एस. राजी, CFO ऋचा गर्ग, संयुक्त रजिस्ट्रार डॉ. जसबीर धनजल, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय, सहित सभी डीन, विभागाध्यक्ष, समन्वयक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article