मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर अहम बैठक, 48 घंटे में NDA से मेयर प्रत्याशी घोषित करने की मांग

Raj Sharma
2 Min Read

 

मानगो, जमशेदपुर

मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर आज मानगो स्थित निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी गणेश सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन विनोद डे ने किया। बैठक के अंत में काशीनाथ प्रजापति ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि 48 घंटे के भीतर एनडीए द्वारा मेयर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की जाती है, तो मानगो जन सेवा समिति अपने सभी विकल्पों पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने के लिए बाध्य होगी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मानगो की जनता को पहली बार तीसरे मत का अधिकार प्राप्त हुआ है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और जनता एक योग्य एवं सक्षम प्रत्याशी की तलाश में है। इसी उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया।

अध्यक्ष गणेश सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए 23 वार्डों के लिए संभावित प्रत्याशियों को तैयार कर लिया गया है और मानगो जन सेवा समिति सभी प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत के साथ कार्य करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अब तक मेयर प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से मानगो की जनता एवं कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसलिए एनडीए नेतृत्व से आग्रह किया गया है कि दो दिनों के भीतर स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि कार्यकर्ता चुनावी मैदान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

बैठक में मुख्य रूप से लोजपा जिलाध्यक्ष सतीश सिंह, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सुशील सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष (मानगो मंडल) सुशील पांडे, चुनचुन चौधरी, विकास साहनी, उलीडीह मंडलाध्यक्ष प्रवीण सिंह, जितेंद्र साव, संजीत शर्मा, बमबम पांडेय, रवि गोराई, प्रेम सक्सेना, नंदलाल गुप्ता, टुनटुन कुमार, राजेश सिंह (बालीगुमा), राकेश सिन्हा, टिंकू सिंह, छात्र नेता पवन सिंह, जनसुविधा विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह, युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे

Share This Article