करीम सिटी कॉलेज में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया ‘फाउंडर्स डे’

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर:

करीम सिटी कॉलेज, साकची, जमशेदपुर के ऑडिटोरियम में संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सैयद तफज्जुल करीम की 62वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ‘फाउंडर्स डे’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम (करीम्स ट्रस्ट, जमशेदपुर) एवं सैयद मंसूर अली (अध्यक्ष, सेंट्रल करमिया मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूल +2) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक हाफिज मोहम्मद वालीउल्लाह द्वारा पवित्र कुरआन की तिलावत से हुआ। इसके पश्चात करीम ट्रस्ट के अधीन संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों की ओर से अपने संस्थापक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही ट्रस्टी के समक्ष वर्ष भर की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

मिडिल स्कूल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती तलत बानो, हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका वहीदा तबस्सुम तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने क्रमशः अपने-अपने संस्थानों की वार्षिक उपलब्धियों एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस अवसर पर ट्रस्टी सैयद अशफाक करीम ने अपने संबोधन में सभी संस्थानों को बधाई देते हुए शिक्षकों एवं प्राध्यापकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने संस्था के भविष्य को लेकर अपने सपनों एवं उद्देश्यों को साझा करते हुए कहा कि “हमें यह समझना होगा कि हम कहां से चले थे, आज कहां खड़े हैं और आगे हमें किस दिशा में जाना है।”

कार्यक्रम को डायरेक्टर एजुकेशन एवं सेक्रेटरी, करीम सिटी कॉलेज डॉ. मोहम्मद जकरिया तथा सैयद मंसूर अली ने भी संबोधित किया।

अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं एवं विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 25 वर्षों की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एस. एम. यहिया इब्राहीम ने किया। समापन अवसर पर कॉलेज तराना सामूहिक रूप से गाया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

Share This Article