टाटानगर स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, शातिर चोर गिरफ्तार

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर।
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद चांद, निवासी जुगसलाई, जमशेदपुर के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से स्टेशन परिसर में यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को स्टेशन परिसर में नियमित गश्ती के दौरान जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर ध्यान दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी घबराने लगा और भागने की कोशिश की, लेकिन आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कुछ दिन पहले टाटानगर स्टेशन पर एक यात्री का पर्स चोरी किया था, जिसमें करीब 17 हजार रुपये नकद एवं आधार कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरपीएफ ने बताया कि मोहम्मद चांद कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है। बार-बार अपराध में संलिप्त पाए जाने के कारण उस पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना को सौंप दिया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।

आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या रेल पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

 

Share This Article