जेपी स्कूल में गणतंत्र दिवस पर भव्य आयोजन, कंप्यूटर लैब का हुआ उद्घाटन

Raj Sharma
3 Min Read

संकोसाई (डिमना रोड, मानगो):
संकोसाई डिमना रोड स्थित जेपी स्कूल के प्रांगण में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। छात्रों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत एक देशभक्ति प्रभातफेरी  से हुई। यहप्रभातफेरी संकोसाई रोड नंबर 5 से होते हुए मेन रोड, फिर रोड नंबर 1 होते हुए राम नगर तक गई, जहां विश्वकर्मा समाज के झंडे के साथ देशभक्ति नारों के बीच प्रभातफेरी का समापन हुआ। इसके बाद प्रभातफेरी पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची। प्रभातफेरी में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में V. C. भोगटा एवं अभिषेक कुमार (उलीडीह थाना प्रभारी) उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। साथ ही उन्होंने जेपी स्कूल में नव-निर्मित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भी किया।

विद्यालय के सचिव अर्जुन शर्मा ने बताया कि यह कंप्यूटर लैब “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के उद्देश्य से संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण जो छात्राएं कंप्यूटर शिक्षा से वंचित रह जाती हैं, उन्हें इस लैब के माध्यम से पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे तकनीकी शिक्षा में आगे बढ़ सकें।

गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, भाषण और नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि V. C. भोगटा ने कहा कि इस प्रकार का अनुशासित और संस्कारयुक्त आयोजन हर विद्यालय में होना चाहिए, जिसमें पूजा-पाठ के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी विकसित हो। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधन और व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का आदर्श विद्यालय सराहनीय है और स्थानीय लोगों को इसका पूरा सहयोग करना चाहिए, क्योंकि यह विद्यालय स्थानीय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बनाया गया है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या सुशीला टोप्पो, कोऑर्डिनेटर विपद तरन तिवारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

Share This Article