जमशेदपुर : टाटा स्टील जमशेदपुर में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस गर्व और गरिमा के साथ मनाया गया। वर्क्स मेन गेट पर आयोजित समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि, सेवानिवृत्त अधिकारी, सीनियर एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में सुंदरा रामम ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र, स्वतंत्रता, समानता और न्याय की आधारशिला है तथा गणतंत्र दिवस राष्ट्र निर्माण में हमारी सामूहिक जिम्मेदारी की याद दिलाता है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में टाटा स्टील की प्रतिबद्धता दोहराते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन, सतत स्टील निर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, सर्कुलर इकॉनमी और 2045 तक नेट ज़ीरो उत्सर्जन के लक्ष्य पर कंपनी की प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, खेल, स्वच्छता और आजीविका सृजन में टाटा स्टील के निरंतर योगदान पर जोर देते हुए कहा कि विविधता, समावेशन और कर्मचारी कल्याण कंपनी की संस्कृति का मूल हैं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से संवाद कर राष्ट्र निर्माण और सतत विकास में टाटा स्टील की भूमिका पर कंपनी का दृष्टिकोण साझा किया। आयोजन राष्ट्रीय गौरव और प्रतिबद्धता की भावना के साथ संपन्न हुआ।






