मानगो में अल-बैक रेस्टोरेंट के सामने सड़क हादसा, बाइक सवार युवक समेत दो घायल

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर।
मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत अल-बैक रेस्टोरेंट के सामने रविवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक युवक अपनी R15 बाइक से सड़क से गुजर रहा था और उसी दौरान एक व्यक्ति सब्जी खरीदकर सड़क पार करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक ने सामने से आ रहे व्यक्ति को देखकर कई बार हॉर्न बजाकर हटने का इशारा किया, लेकिन वह सड़क से नहीं हटा। व्यक्ति को बचाने के प्रयास में बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में बाइक सवार युवक और सड़क पार कर रहा व्यक्ति दोनों के सिर में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए उमा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों ने सड़क पार करते समय सतर्कता बरतने और वाहनों की गति नियंत्रित रखने की अपील की है।

 

Share This Article