जमशेदपुर:
शहर के व्यस्त साकची थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक ज्वेलर्स दुकान से शातिर चोर ने सोने की नथ चोरी कर ली, जबकि इससे पहले वह आसपास की पांच अन्य आभूषण दुकानों में चोरी का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर जगह नाकाम रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक युवक ग्राहक बनकर साकची स्थित ज्वेलर्स दुकान में दाखिल हुआ। उसने दुकानदार से सोने की नथ दिखाने को कहा। इसी दौरान बातचीत में दुकानदार का ध्यान भटकते ही आरोपी ने बड़ी चतुराई से सोने की नथ उठाई और मौके से फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दुकान संचालक को घटना की जानकारी बाद में तब हुई, जब स्टॉक मिलान के दौरान नथ गायब पाई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इससे पहले साकची क्षेत्र की पांच अन्य ज्वेलर्स दुकानों में भी इसी तरह चोरी का प्रयास किया था, लेकिन सतर्कता के कारण वह वहां सफल नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास के इलाकों में भी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद साकची बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।





