सीतारामडेरा में शिव-हनुमान मंदिर में चोरी, दान पेटियों के ताले तोड़कर नकदी ले उड़े चोर

Raj Sharma
2 Min Read

जमशेदपुर।
शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित शिव-हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और तीन दान पेटियों के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मंदिर के सेवकों के अनुसार, सुबह जब मंदिर खोला गया तो दान पेटियां टूटी हुई मिलीं और सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद तुरंत सीतारामडेरा थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने देर रात सुनसान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना से मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गई नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Share This Article