चांडिल
चांडिल थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से जबरन भीख मंगवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस और बाल संरक्षण विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान शारदा प्रसाद के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ चांडिल लाया और उससे भिक्षावृत्ति करवाता था।
स्थानीय लोगों को बच्ची की संदिग्ध स्थिति पर शक हुआ, जिसके बाद मामले की सूचना बाल संरक्षण समिति और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस एवं बाल संरक्षण इकाई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बच्ची के साथ अनैतिक व्यवहार करने की कोशिश करता था। फिलहाल बच्ची को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उसका काउंसलिंग कराया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और यदि इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





