चार धाम साइकिल यात्रा पर निकले पानीपत के दीपक शर्मा, 10 हजार किमी का सफर पूरा

2 Min Read

युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना यात्रा का उद्देश्य

जमशेदपुर : पानीपत (हरियाणा) के ग्राम सोंधापुर निवासी 35 वर्षीय दीपक शर्मा इन दिनों “ऑपरेशन सिंदूर-9 – संकल्प विकसित भारत – चार धाम साइकिल यात्रा” पर हैं। पेशे से स्पोर्ट्स टीचर दीपक शर्मा स्नातक और बीपीएड उत्तीर्ण हैं तथा युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और चरित्र निर्माण को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य मानते हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता के रूप में भी सामाजिक और राष्ट्रसेवा से जुड़े हुए हैं।

दीपक शर्मा ने 25 मई 2025 को पानीपत से अपनी साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। पिछले आठ महीनों में वे पूरी तरह साइकिल से 10 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हुए 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से गुजर चुके हैं, जिनमें हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड शामिल हैं।

यात्रा के दौरान उन्होंने तीन प्रमुख धामों – श्री द्वारिकाधीश धाम (गुजरात), श्री रामेश्वरम धाम (तमिलनाडु) और श्री जगन्नाथ पुरी धाम (ओडिशा) की यात्रा पूर्ण कर ली है। उनका अंतिम लक्ष्य उत्तराखंड स्थित श्री बद्रीनाथ धाम तक पहुंचना है।

इस यात्रा का उद्देश्य 20 से अधिक राज्यों से होकर 15 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी साइकिल से तय करना, विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नौ संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, स्वास्थ्य और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

दीपक शर्मा के अनुसार यह यात्रा उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, सेवा और संकल्प का प्रतीक है। वे निस्वार्थ भाव से इस अभियान को पूर्ण करने के लिए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

प्रोफाइल
दीपक शर्मा, ग्राम सोंधापुर, जिला पानीपत (हरियाणा)
पिता – विष्णु दत्त शर्मा – माता – सरोज देवी
पेशा – स्पोर्ट्स टीचर – संघ कार्यकर्ता
उपलब्धि – 10,000+ किमी साइकिल यात्रा, 15 राज्य, 3 धाम
लक्ष्य – 20+ राज्य और 15,000+ किमी साइकिल यात्रा पूर्ण करना।

Share This Article