- 15 फरवरी को मोहम्मडन SC के खिलाफ ‘Furnace’ में होगा पहला होम मैच, क्लब ने फिजिकल टिकट पूरी तरह खत्म किए
जमशेदपुर : जमशेदपुर FC ने इंडियन सुपर लीग (ISL) 2025-26 सीजन के अपने होम मैचों के लिए टिकट बिक्री आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। इस बार टिकट सिर्फ ‘District by Zomato’ ऐप पर उपलब्ध होंगे और क्लब ने पूरी तरह डिजिटल टिकटिंग सिस्टम अपनाने का फैसला लिया है, जिससे फैंस को मैचडे पर आसान और बेहतर अनुभव मिल सके।
क्लब के चेयरमैन डी.बी. सुंदर रामम और सीईओ मुकुल चौधरी ने संयुक्त रूप से टिकट लॉन्च किया। यह पहल क्लब की मैच संचालन व्यवस्था और फैन एंगेजमेंट रणनीति को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
इस सीजन जमशेदपुर FC उन चुनिंदा क्लबों में शामिल हो गया है, जिन्होंने पूरी तरह डिजिटल टिकटिंग मॉडल अपनाया है। अब फैंस टिकट खरीदने, स्टोर करने और स्टेडियम में एंट्री के लिए सीधे ‘District by Zomato’ ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे कतारें कम होंगी और प्रवेश प्रक्रिया अधिक सुरक्षित व सुगम होगी।
ISL 2025-26 में जमशेदपुर FC जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिसे ‘Furnace’ के नाम से जाना जाता है, में कुल नौ होम मैच खेलेगा, जबकि चार मुकाबले बाहर होंगे। 15 फरवरी को मोहम्मडन SC के खिलाफ टीम अपना होम कैंपेन शुरू करेगी।
क्लब प्रबंधन ने फैंस से अपील की है कि वे ‘District by Zomato’ ऐप डाउनलोड कर समय रहते टिकट बुक करें और ‘Men of Steel’ का समर्थन करते हुए Furnace में ISL फुटबॉल के रोमांच का हिस्सा बनें।






