जमशेदपुर:
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू ग्वाला बस्ती में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यादव भवन के पास रखे पुआल (भुसे) के टॉल में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि पास से गुजर रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने सूखे पुआल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे टॉल को जलाकर राख कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हालांकि आग लगने से पुआल मालिक को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुआल ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन था, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सूखे और ज्वलनशील पदार्थों को बिजली के तारों और उपकरणों से दूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके हैँ l





