थाना और सिटी डीएसपी कार्यालय के सामने हुई वारदात, टीएमएच में चल रहा इलाज
जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित नामदा बस्ती निवासी कन्हैया यादव को अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना गोलमुरी थाना और सिटी डीएसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार कार्यकर्ताओं के साथ टीएमएच पहुंचे और घायल का हाल जाना। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और थाना व डीएसपी कार्यालय के सामने हुई फायरिंग पुलिस की सक्रियता पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और शहर में सख्त कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि कमजोर प्रशासनिक रवैये के कारण अपराधी बेलगाम हो रहे हैं और शहर की शांति प्रभावित हो रही है।






