K. Durga Rao
कांड्रा: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजय सरदार के समर्थन में दुर्गा पूजा मैदान के समीप चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। भाजपा नेता एवं आदित्यपुर नगर निगम चुनाव प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, प्रत्याशी संजय सरदार और जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के मौके पर शैलेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार में जुटें, ताकि संजय सरदार को भारी मतों से विजयी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और भाजपा विकास के मुद्दों के साथ मैदान में उतरी है। संजय सरदार ने भी समर्थकों से जनसंपर्क अभियान तेज करने और घर-घर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों को बताने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से आदित्यपुर पश्चिम मंडल संयोजक बीरेंद्र कुमार सिंह, सह संयोजक किशन प्रधान, अशोक सिंह, राकेश सिंह, रमेश कुमार, प्रमोद पाठक, अनिल सिंह, कमलेश सिंह, विनोद झा, प्रमोद सिंह, विनोद सिंह, अनुज सिंह, महेंद्र नाथ चौधरी, चंचल सिंह, तपन मुखर्जी, राहुल सिंह, राकेश मिश्रा और विजय सोनार सहित कई कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
चुनाव कार्यालय खुलने के साथ ही क्षेत्र में भाजपा का प्रचार अभियान तेज हो गया है और समर्थकों में उत्साह साफ तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का दावा है कि आगामी नगर निगम चुनाव में उन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।






