जमशेदपुर FC बनाम मोहम्मडन SC : प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवेन कॉयल बोले – “हर मैच जीतने के इरादे से उतरेंगे”

3 Min Read

जमशेदपुर : जमशेदपुर FC और मोहम्मडन SC के बीच मुकाबले से पहले आयोजित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के हेड कोच ओवेन कॉयल ने टीम की तैयारी और रणनीति पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि इंडियन सुपर लीग में रेलीगेशन-प्रमोशन की चर्चा अपनी जगह है, लेकिन उनका फोकस टेबल में शीर्ष स्थान के लिए लड़ने और एक एंटरटेनिंग व जीतने वाली टीम बनाने पर है।

कोच ने स्वीकार किया कि छोटा प्री-सीज़न आदर्श नहीं रहा, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रोफेशनलिज़्म दिखाया है और क्लब व फैंस के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि टीम की सफलता की असली चाबी एकजुटता है। छोटे सीज़न में मुश्किल पल आएंगे, लेकिन भरोसा और टीम वर्क ही जीत दिलाएगा।

मोहम्मडन एससी के खिलाफ रणनीति पर बोलते हुए कॉयल ने कहा कि प्रतिद्वंद्वी टीम जोश और एकजुटता के साथ उतरेगी, इसलिए उनका सम्मान जरूरी है। साथ ही जमशेदपुर तेज़ फुटबॉल, बेहतर पासिंग, मजबूत डिफेंस और मिले मौकों को भुनाने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने साफ किया कि टीम कभी ड्रॉ के लिए नहीं खेलती और हर मैच जीतने के इरादे से मैदान में उतरती है।

चोट को लेकर उन्होंने बताया कि केवल एक-दो मामूली दिक्कतें हैं और उम्मीद है कि पूरी टीम उपलब्ध रहेगी। चार कप्तान बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेतृत्व सिर्फ आर्मबैंड तक सीमित नहीं होता, बल्कि पूरी टीम मिलकर जिम्मेदारी निभाती है।

खिलाड़ी मेसी बाउली बोले – “जमशेदपुर को AFC में वापस ले जाना लक्ष्य
टीम के खिलाड़ी मेसी बाउली ने कहा कि कैंप का माहौल बेहद पॉजिटिव है और पूरा फोकस जमशेदपुर के प्रोजेक्ट को सफल बनाने पर है। उन्होंने कहा कि टीम जीतने के लिए प्रतिबद्ध है और छोटा सीज़न होने के कारण हर मौके का पूरा फायदा उठाना जरूरी होगा।
बाउली ने कहा कि क्लब, मैनेजमेंट और कोच के भरोसे से वे प्रेरित हैं और टीम का लक्ष्य साफ है-टॉप पर मुकाबला करना, चैंपियनशिप के लिए लड़ना और जमशेदपुर को फिर से एएफसी टूर्नामेंट में पहुंचाना।

Share This Article