संजय सरदार बने आदित्यपुर नगर निगम के मेयर, भुगलु सोरेन को 7,795 मतों से हराया
सरायकेला-खरसावां : नगरपालिका निर्वाचन 2026 के तहत आदित्यपुर नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजय सरदार ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो समर्थित प्रत्याशी भुगलु सोरेन को 7,795 मतों के अंतर से पराजित किया। संजय सरदार को कुल 24,615 मत प्राप्त हुए, जबकि भुगलु सोरेन को 16,820 मत मिले।
मतगणना के पहले चक्र से ही संजय सरदार बढ़त बनाए हुए थे। उन्हें पहले राउंड में 6,479, दूसरे में 3,511, तीसरे में 5,753, चौथे में 6,149 तथा पांचवें राउंड में 2,723 मत प्राप्त हुए। वहीं भुगलु सोरेन को पहले चक्र में 3,193, दूसरे में 3,198, तीसरे में 4,361, चौथे में 3,524 तथा पांचवें में 2,544 मत मिले।
अन्य प्रत्याशियों में बारी सोरेन को कुल 7,905 मत प्राप्त हुए। बास्को बेसरा को 7,787 मत मिले। सावित्री लेयांगी को विभिन्न चरणों में क्रमशः 1,736, 1,048, 1,807, 2,020 और 1,294 मत प्राप्त हुए। पूरे चुनाव में संजय सरदार ने प्रत्येक चरण में निर्णायक बढ़त बनाए रखी और अंततः प्रचंड मतों से मेयर निर्वाचित घोषित हुए।
परवेज आलम ने जीता कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद, सरवर आलम को स्पष्ट अंतर से दी मात

नगरपालिका निर्वाचन 2026 के तहत कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी परवेज आलम ने निर्णायक जीत दर्ज की। मतगणना के प्रारंभिक तीन चरणों में ही उन्होंने मजबूत बढ़त बना ली थी। उन्हें पहले राउंड में 1,899, दूसरे में 1,652 तथा तीसरे में 1,647 मत प्राप्त हुए।
उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो समर्थित सरवर आलम को पहले राउंड में 1,222, दूसरे में 1,166 तथा तीसरे राउंड में 1,180 मत मिले। अंतिम संचयी गणना में परवेज आलम को 6,266 मत प्राप्त हुए, जबकि सरवर आलम 4,349 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
अन्य नौ प्रत्याशी एक हजार मतों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। कुल 19,361 मतों की गणना में 1,500 मत निरस्त घोषित किए गए। स्पष्ट जनसमर्थन के साथ परवेज आलम कपाली नगर परिषद के नए अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
दोनों निकायों में हुए चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि मतदाताओं ने विकास और नेतृत्व के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए निर्णायक जनादेश दिया है।






