रक्तदान में कीर्तिमान: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन को प्रथम पुरस्कार

Raj Sharma
1 Min Read

जमशेदपुर। शहर में रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन को इस वर्ष प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान वोलेंटियर ब्लड डोनर्स एसोसिएशन (वीबीडीए) के 39वें वार्षिक समारोह में प्रदान किया गया।

 

बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आर.के. सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया। कार्यक्रम में वीबीडीए के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मुखर्जी, वित्त सचिव अमित बोस, अध्यक्ष इंद्रजीत पॉल तथा महासचिव कमल कुमार घोष ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार प्रदान किया।

 

गौरतलब है कि 3 मार्च को संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में एक ही दिन में 3140 यूनिट रक्त संग्रह कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया था। इस उपलब्धि की पूरे राज्य में व्यापक चर्चा हुई थी।

 

सम्मान प्राप्त करने के बाद अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय यूनियन के सभी कर्मचारियों, प्रबंधन, सदस्यों एवं शहर के रक्तदाताओं को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यूनियन समाज सेवा के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रहेगी।

Share This Article