Mohit Kumar
दुमका। नगर परिषद क्षेत्र में बुनियादी समस्याओं को लेकर आम जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। अतिक्रमण हटाने, जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने और सुव्यवस्थित विकास के दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। कई इलाकों में पंचायतों का पानी काटे जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
क्षेत्र में बिना निर्धारित मानकों के बड़े-बड़े भवनों का निर्माण भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। पदाधिकारियों और अध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश करने पर अक्सर “बैठक चल रही है” कहकर टाल दिया जाता है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की कमी को लेकर नागरिकों और पत्रकारों में भी नाराजगी देखी जा रही है।






