आरपीएफ और जीआरपी के हत्थे चढ़े सीतारामडेरा टकलू लोहार हत्याकांड का 2 आरोपी, कोलकाता जाने की थी तैयारी

1 Min Read

जमशेदपुर के भुइंयाडीह में हुए टकलू लोहार हत्याकांड में फरार चल रहे 2 अभियुक्तों को आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त अभियान चलाकर टाटानगर स्टेशन के एंट्री गेट से गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी 1 फरवरी को सीतारामडेरा में हुए टकलू लोहार हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी हैं।

रेल डीएसपी हेडक्वार्टर 1 जयश्री कुजूर ने बताया कि मंगलवार रात दोनों को स्टेशन के मुख्य एंट्री गेट के पास संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम अभिजीत मंडल उर्फ कांडी और गौरव कुमार राम बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल और चार जिंदा गोली बरामद किया है।

डीएसपी ने बताया कि दोनों फरारी के बाद 11 मार्च को मुंबई से जमशेदपुर आए थे। मंगलवार को दोनों कोलकाता जाने के प्रयास में थे, तभी रेल पुलिस और आरपीएफ ने दोनों को पकड़ लिया। इधर जमशेदपुर पुलिस दोनों को रिमांड पर लेने की तैयार कर रही है।

Share This Article