100 वर्ष पुरानी जमशेदपुर की मोहरदा बस्ती में हो रहा 72 घंटे का हरि नाम संकीर्तन

2 Min Read

जमशेदपुर शहर के 100 वर्ष से भी ज्यादा पुरानी बिरसानगर के मोहरदा बस्ती में 72 घंटे के हरि कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम श्री श्री सार्वजनिक राधा कृष्णा अखंड हरि नाम संकीर्तन समिति द्वारा आयोजित की जा रही है। संकीर्तन में 7 कीर्तन मंडली शामिल हैं जिसमें बागमुंडी, झालदा, चांडिल, मेदिनापुर, बारीचौकान, बिरसानगर के हुरलुंग और मोहरदा बस्ती की टीमें पूरे 72 घंटे निरंतर हरि का नाम जपते हैं। इस वर्ष मेदिनीपुर से आई 16 महिला सदस्य की टीम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं।

इस हरि कीर्तन के बारे में बस्ती के प्रधान काशीराम प्रधान ने कहा कि यह बस्ती 100 साल पुरानी है। यह जमशेदपुर की इकलौती ऐसी बस्ती है, जहां पीढ़ी दर पीढ़ी बिना विराम दिए लगातार प्रतिवर्ष हरि कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सिर्फ बस्ती या आसपास के लोग ही नहीं बल्कि झारखंड में जहां भी परिवार के सदस्य हैं सभी तीन दिन इस कीर्तन में शामिल होने आते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य अपने भारतीय संस्कृति और धार्मिक धरोहर को आगे बढ़ाना है, ताकि नई जेनरेशन भी इस धार्मिक आयोजन और व्यवस्था को समझें और आने वाले समय में अपने कंधों पर इसकी बागडोर संभाल सकें। इस हरि कीर्तन की एक खासियत यह भी है कि यहां तीन दिन लगातार हजारों लोग भोग ग्रहण करते हैं।

Share This Article