आदित्यपुर:
आदित्यपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर कुख्यात महिला ड्रग तस्कर डॉली परवीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। लंबे समय से पुलिस की रडार पर रही डॉली परवीन की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार डॉली परवीन आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती (एच रोड) की रहने वाली है और वर्षों से ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ आदित्यपुर थाने में 11 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें नशीले पदार्थों की तस्करी, हत्या के प्रयास, पुलिस व सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
बताया गया है कि इसी तस्करी मामले में पुलिस पहले ही 208 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहबाज खान (आदित्यपुर), मो. समीर उर्फ मो. आयान (छत्तीसगढ़) तथा रफीकुल इस्लाम (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों से मिले सुराग के आधार पर डॉली परवीन की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि डॉली परवीन नशे के कारोबार में स्थानीय स्तर के साथ-साथ अंतरराज्यीय नेटवर्क से भी जुड़ी हुई थी और लंबे समय से युवाओं को नशे की लत में धकेलने का काम कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय ड्रग तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।





