कुकड़ू:
कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत दारूदा मुख्य सड़क पर एक जंगली हाथी के देखे जाने से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है। सड़क से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को अचानक हाथी नजर आने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथी सड़क और उसके आसपास के इलाकों में विचरण कर रहा है। इसको लेकर चांडिल रेंज द्वारा तुरंत सूचना जारी कर आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कोई भी व्यक्ति हाथी के पास जाने का प्रयास न करे और न ही उसे उकसाने या छेड़छाड़ जैसी हरकत करे, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
यह सूचना 13 जनवरी 2026 को शाम 05:30 बजे जारी की गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। वनकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं कि हाथी सुरक्षित रूप से जंगल की ओर लौट जाए, ताकि किसी प्रकार की जान-माल की क्षति न हो।
वन विभाग ने विशेष रूप से राहगीरों, बाइक और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि अंधेरे के समय अनावश्यक रूप से इस सड़क से गुजरने से बचें। साथ ही ग्रामीणों को अपने बच्चों और मवेशियों को घर के अंदर रखने और खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जब तक हाथी जंगल क्षेत्र में वापस नहीं चला जाता, तब तक निगरानी जारी रहेगी। आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें और स्थिति सामान्य होने तक संयम बरतें।





