जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस गुरुद्वारा मैदान में बड़ा देव महोत्सव सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर गोंड आदिवासी समाज के उत्थान और सांस्कृतिक संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के अध्यक्ष दिनेश गोंड, महिला अध्यक्ष नितु गोंड, मीडिया प्रभारी सोहन गोंड तथा गुरुचरण नायक को बिहार गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान डॉ. कन्हैया गोंड द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में आदिवासी समाज के गणमान्य व्यक्तियों, नागरिकों एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति रही। अध्यक्ष दिनेश गोंड और महिला अध्यक्ष नितु गोंड ने कहा कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे गोंड समाज की मेहनत, एकता और संस्कृति की पहचान का प्रतीक है। वहीं मीडिया प्रभारी सोहन गोंड और गुरुचरण नायक ने युवाओं से समाज सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गोंडी रीति-रिवाज के अनुसार गोगो पूजा का आयोजन किया गया, जिसे गोपालगंज से आए भूमक काशी नाथ जी ने विधिवत संपन्न कराया। साथ ही गोंड संस्कृति से जुड़े पारंपरिक गीत, नृत्य और परंपराओं की प्रस्तुतियां हुईं, जिससे आदिवासी विरासत की गौरवशाली झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज सेविका रीता पात्रा (रामगढ़) सहित कई जिलों से आए प्रतिनिधि, प्रेस एवं मीडिया के सदस्य शामिल हुए। अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ की ओर से कई जिलों के लोगों को मोमेंटो, शॉल और पट्टा देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में बच्चों के लिए बम्बई मिठाई, झूले तथा भोजन-पानी की उत्तम व्यवस्था की गई थी। गोंड समाज की महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए और सामूहिक सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन नीतू कुमारी द्वारा किया गया।






