K. Durga Rao
सरायकेला : नामांकन दाखिल करने के बाद सिंहभूम से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी गीता कोड़ा चुनावी प्रचार में जोर- शोर से जुट गई हैं। बुधवार को गीता कोड़ा ने सरायकेला शहरी क्षेत्र के नोरोडीह, राजबांध, नीमडीह, गैरेज चौक, हेंसाहुड़ी के विभिन्न क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान जगह- जगह गाजे- बाजे के साथ लोंगों ने फूल- माला पहनाकर गीता कोड़ा का स्वागत किया। गीता कोड़ा ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर गीता कोड़ा ने लोगों से कहा कि आप सबों ने विगत 10 वर्षों से मोदी जी के ऊपर विश्वास कर भारतीय जनता पार्टी के कमल फूल निशान में अपना वोट दिया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों के लोगों के लिए काम करते हैं। देश- विदेश में रहने वाले हमारे क्षेत्र के भाइयों की चिंता मोदी जी को है। विशेषकर बाहर काम करने वाले हमारे मजदूर भाइयों के लिए मोदी जी कई योजना बना कर काम कर रहे हैं।
कहा कि नरेंद्र मोदी आदिवासियों के शुभचिंतक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सभी के लिए घर, राशन, पीने का पानी, गैस कनेक्शन, किसानों को सहायता, महिलाओं के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी के हाथों को मजबूत करने के लिए कमल फूल निशान पर मतदान करने की अपील करने मैं आप सबों के पास आई हूं, ताकि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें, और हम लोगों का जीवन सुरक्षित हो सके। गीता कोडा ने लोगों की समस्याओं से अवगत होकर समाधान का पूरा भरोसा दिया।
जनसंपर्क अभियान में नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, भाजपा नेता गणेश महाली, सोहन सिंह, राजकुमार सिंह समेत भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।